भोपाल। स्वामी विवेकानंद वरिष्ठजन क्लब, जो अब वरिष्ठ नागरिक समिति कोटरा के नाम से पूरे मध्यप्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका  है, की परंपरा के अनुसार प्रत्येक सदस्य का जन्मदिन उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में समिति के कोहिनूर एवं प्रख्यात संगीतज्ञ श्री ज्योति रत्न शर्मा का जन्मदिन मंगलवार को विवेकानंद पार्क में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हुए ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अवसर पर समिति की ओर से श्री विजय गाडवे द्वारा श्री शर्मा को एक विशेष टोपी एवं माला पहनाकर एवं जन्मदिन गीत प्रस्तुत कर शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। इसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से जन्मदिन गीत गाकर उन्हें बधाई दी। उपस्थित सदस्यों सहित पूर्व पार्षद मोनू सक्सेना ने शाल एवं पुष्पगुच्छ और मालाएं भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समिति के अध्यक्ष श्री रमेश जोशी ने श्री ज्योति रत्न शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सक्रिय जीवन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर श्री शर्मा के परिवारजन भी उपस्थित रहे, जिनका समिति की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने गीत-संगीत एवं अपने प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से श्री शर्मा के व्यक्तित्व, संगीत साधना और सामाजिक योगदान की सराहना की। वरिष्ठ नागरिक समिति द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साइबर सिक्योरिटी की कार्यशाला,विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठजन दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय और सामाजिक रूप से जुड़े रहने का अवसर प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में श्री ज्योति रत्न शर्मा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस स्नेह और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री विजय गाडवे ने किया, जबकि समिति के सचिव श्री आर.एस. सक्सेना ने उपस्थित सभी सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।