भोपाल। आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर तुलसी नगर स्थित करुणा बुद्ध विहार में दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया एवं प्रबुद्ध महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में धम्म चक्क पवत्तन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इसी अवसर पर पूज्य भन्ते प्रियबोधि जी का तीन माह के वर्षावास का शुभारंभ भी हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे तथागत बुद्ध की प्रतिमा एवं पवित्र चीवर के साथ भव्य धम्म रैली से हुई। रैली में पूज्य भन्ते प्रियबोधि एवं पूज्य भिक्षुणी संघमित्रा सहित बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं शामिल हुए।
धम्म रैली सेकंड स्टॉप, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती मैदान और पंचशील चौराहा होते हुए करुणा बुद्ध विहार पहुंची। आंबेडकर जयंती मैदान में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पूज्य भिक्षु संघ ने वर्षावास का अधिष्ठान ग्रहण किया तथा उपस्थित उपासिकाओं को उपोसथ व्रत धारण कराया। परित्राण पाठ एवं धम्म देशना के साथ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया गया। प्रबुद्ध महिला मंडल द्वारा भिक्षु संघ को धम्मदान भी अर्पित किया गया।
बाद में पूज्य भिक्षु संघ कोटरा स्थित महामाया बुद्ध विहार पहुंचे, जहां परित्राण पाठ, धम्म देशना एवं भोजनदान का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर धम्मरतन सोमकुंवर, प्रदेश महासचिव चिंतामन पगारे, जिला अध्यक्ष मनोज माणिक सहित महासभा एवं प्रबुद्ध महिला मंडल के अनेक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु उपस्थित रहे।