बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में एक ऊंची इमारत से छोटे विमान के टकराने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोटा विमान 109 मंजिला चाइना जुन बिल्डिंग से टकरा गया, जिससे इमारत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर के बाद धुआं उठता दिखाई दिया और एहतियात के तौर पर भवन को खाली कराया गया। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। हादसे में हुए नुकसान और संभावित हताहतों की आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।